बागेश्वर बाबा ने भगवान कृष्ण को बताया ‘टेढ़ा’ | Bageshwar Baba Controversy

बागेश्वर बाबा ने भगवान कृष्ण को बताया ‘टेढ़ा’ | Bageshwar Baba Controversy

Advertisement

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वर बाबा का नया विवाद Bageshwar Baba Controversy: ‘तुम्हारे वाले तीन जगह से टेढ़े…’, भगवान कृष्ण पर टिप्पणी से भड़का समाज, बहिष्कार की उठी मांग

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनके चमत्कार नहीं बल्कि एक बेहद विवादित बयान है। करेरा में एक कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान श्री कृष्ण की तुलना करते हुए कुछ ऐसी बातें कह दीं, जिससे सोशल मीडिया पर भारी बवाल मच गया है।
बाबा बागेश्वर पर भगवान कृष्ण और उनके धाम वृंदावन का मजाक उड़ाने का आरोप लग रहा है, जिसके बाद यादव समाज और कई सनातनी संगठनों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

आइए जानते हैं कि आखिर बाबा बागेश्वर ने ऐसा क्या कह दिया जिसने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।

तुम्हारे वाले तीन जगह से टेढ़े हैं

वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, करेरा में कथा सुनाते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने बेहद मजाकिया लहजे में भगवान कृष्ण के स्वरूप पर टिप्पणी की। उन्होंने भगवान राम (जिन्हें वे ‘हमारे वाले’ कह रहे थे) और भगवान कृष्ण (जिन्हें वे ‘तुम्हारे वाले’ कह रहे थे) के बीच तुलना की।

शास्त्री ने हंसते हुए कहा,

“तुम अपने वाले ठाकुर जी की एक भी फोटो देख लो, खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कमर लचकाए, खपड़िया ऐसी करे… (अपनी गर्दन तिरछी करते हुए) टेढ़ी खपड़िया करके बंशी बजाए रहे।”

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने भगवान राम की तारीफ में कहा,

“हमाए वाले खड़े भी होते तो सीधे। हमाए वाले का नाम भी सीधा। हमारे वाले का चलना भी सीधा। दिखते भी सीधे।”

बंसी बजाने को बताया महज एक ‘खेल’

बाबा बागेश्वर यहीं नहीं रुके। उन्होंने दोनों देवताओं के धामों और उनके अस्त्र-शस्त्रों की भी तुलना कर डाली। उन्होंने कहा कि उनके (राम जी के) धाम का नाम सीधा ‘अयोध्या’ है, जबकि कृष्ण का धाम ‘वृन्दावन’ टेढ़ा है।

कथा के दौरान उन्होंने एक गाना गाते हुए कहा,

“बंसी का बजाना खेल भी है, धनुष का चलाना खेल नहीं।” उन्होंने बंसी बजाने को बहुत ही सामान्य बताते हुए अपने पास बैठे एक संगीतकार की ओर इशारा किया और कहा, “बंसी तो हमारे यहां जे भी बजाता है, बजा भाई बजा।”

धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं के बहिष्कार की अपील

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तीखी प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं। इस विवादित बयान पर पलटवार करते हुए दामोदर यादव ने कड़ी आपत्ति जताई है।

उन्होंने सनातनी और विशेष रूप से यादव समाज से अपील की है कि वे धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं का पूर्ण रूप से बहिष्कार करें। यादव ने पूरे प्रदेश में उनके पुतले जलाने का आह्वान किया है। अपने सख्त बयान में उन्होंने यहां तक कह दिया कि, “अगर जरूरत पड़ी तो धीरेंद्र शास्त्री को खुद भी सुधारने की कोशिश की जाएगी।”

फ्रस्ट्रेशन में दे रहे हैं उल्टे बयान

दामोदर यादव ने धीरेंद्र शास्त्री की हालिया ‘सनातन एकता यात्रा’ और उनकी कथाओं की सफलता पर भी सवालिया निशान खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा बागेश्वर की यात्राएं और कथाएं अब फ्लॉप हो रही हैं। इसी हताशा (Frustration) और मीडिया की सुर्खियों में बने रहने की चाहत में वे इस तरह के अनर्गल बयान दे रहे हैं।

यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर उन्हें सिर्फ चर्चा में ही रहना है, तो कुछ ढंग के काम करने चाहिए, अन्यथा समाज उन्हें सुधारने से पीछे नहीं हटेगा।

बागेश्वर बाबा के विवाद पर आगे क्या?

फिलहाल धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री या बागेश्वर धाम की ओर से इस वायरल वीडियो और विरोध पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। लेकिन जिस तरह से सोशल मीडिया पर हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं और विरोध के स्वर तेज हो रहे हैं, यह साफ है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और भी गहरा सकता है।

Leave a Comment