Shakambhari Devi: माँ दुर्गा के शाकम्भरी स्वरूप की उत्पत्ति
शाकम्भरी देवी: धरती रक्षक और अन्न की देवी | Shakambhari Devi
माँ दुर्गा, शक्ति, काली, महिषासुर मर्दिनी जैसे स्वरूपों में पूजी जाती हैं, जो सन्देश देता है कि सृष्टि में जब भी संकट आता है, तो देवी उग्र स्वरूप धारण करने से भी पीछे नहीं हटती हैं।
लेकिन इन सबके अलावा माँ दुर्गा का एक ऐसा स्वरूप भी है,जो पोषण देने वाला ममतामयी रूप है। उनका वह रूप है शाकम्भरी देवी का, जिसे वनस्पतियों और अन्न की देवी भी कहा जाता है।
मान्यता है कि जब संसार में अकाल, सूखा और अन्न का संकट उत्पन्न हुआ, तब माँ ने शाकम्भरी रूप में अवतार लिया और मानवता का पोषण किया।
शाकम्भरी देवी की उत्पत्ति की कथा (Origin of Shakambhari Devi)
शाकम्भरी देवी की उत्पत्ति पुराणों के अनुसार, एक बार संसार में भीषण अकाल और सूखा पड़ा। नदियाँ सूख गईं, अन्न का अंश भी नहीं बचा और मनुष्य पशुओं की तरह मरने लगे। तपस्वी और साधक भी दुर्बल हो गए।
तब माँ भगवती ने दुर्गा रूप से शाकम्भरी स्वरूप में प्रकट होकर कहा कि ‘जब-जब अन्न का संकट होगा, मैं शाकम्भरी रूप में अवतरित होकर स्वयं अन्न और जल प्रदान करूंगी’।
माँ ने अपनी शरीर से शाक (साग), फल, मूल, कंद, बीज, फल, फूल और जल उत्पन्न किया। वे न केवल भूख मिटाने वाली, बल्कि प्रकृति की पोषण कर्ता देवी बनीं।
शाकम्भरी में “शाक” का अर्थ है – सब्जियाँ, वनस्पति और “अम्भर” का अर्थ है – वस्त्र।
यानि “शाकम्भरी” का अर्थ है वह देवी जो वनस्पति और अन्न धारण करती हैं एवं उनका पालन करती हैं।
शाकम्भरी देवी की विशेष पूजा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में होती है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बेहद प्रसिद्ध शाकम्भरी माता मंदिर है। इसके अलावा कर्नाटक के बेलगाम में शाकम्भरी देवी शक्तिपीठ भी है।
सप्तमी और अष्टमी को विशेष श्रद्धा से इनकी पूजा की जाती है। भक्तजन अन्न, फल, और शाक से सजाकर माँ को अर्पण करते हैं।
शाकम्भरी देवी का स्वरूप
देवी का स्वरूप अत्यंत करुणामयी है। माँ के नेत्रों से करुणा के आँसू बहते हैं, जिससे वनस्पतियाँ और जल की वर्षा होती है। उनका शरीर नीला है, नेत्र गंभीर हैं और चार भुजाओं में अन्न, शाक और फल धारण किए होते हैं। देवी लताओं, जड़ी-बूटियों और पत्तियों से बुने हुए वस्त्रों में लिपटी हुई दिखाई गयी हैं।
शाकम्भरी देवी की उपासना के लाभ | Benefits of worshipping Shakambhari Devi
माँ शाकम्भरी की कृपा से घर में कभी अन्न की कमी नहीं रहती। सूखे और जलहीन क्षेत्र में माँ का स्मरण जल स्रोत देता है।
उनकी आराधना से पर्यावरण और जीवन के बीच संतुलन स्थापित होता है और वनस्पति आधारित जीवनशैली को प्रेरणा मिलती है। शाकम्भरी देवी केवल देवी नहीं, बल्कि धरती माता का वनस्पति रूप हैं, जिनकी करुणा हमें प्राकृतिक संतुलन, आहार और जीवन प्रदान करती है। जब भी भूख, सूखा या पर्यावरणीय संकट हो, शाकम्भरी माँ की उपासना से अन्न-वृष्टि होती है और जीवन में पोषण आता है।